मुरादाबाद अग्निशमन विभाग में साप्ताहिक मॉक ड्रिल आयोजित, उपकरणों की क्रियाशीलता और कर्मियों की दक्षता पर दिया गया जोर

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवा मुख्यालय, उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवा के निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार को जनपद मुरादाबाद के सभी अग्निशमन केंद्रों पर साप्ताहिक मॉक ड्रिल और उपकरणों की जांच अभियान चलाया गया।

अपर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवा, लखनऊ द्वारा जारी निर्देशों के तहत प्रत्येक माह के मंगलवार और शुक्रवार को विभागीय कार्यों की दक्षता बनाए रखने, वाहनों एवं उपकरणों की क्रियाशीलता सुनिश्चित करने और अग्निशमन अधिकारियों-कर्मचारियों की शारीरिक क्षमता को बनाए रखने के लिए नियमित मॉक ड्रिल आयोजित की जाती है।

इसी क्रम में 12 जून को माह के द्वितीय शुक्रवार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के आदेशानुसार एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में जनपद के अग्निशमन केंद्र हैलेट रोड, कटघर, ठाकुरद्वारा, कांठ और बिलारी में साप्ताहिक ड्रिल का आयोजन किया गया।

ड्रिल के दौरान सभी अग्निशमन कर्मियों को एकत्रित कर निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार उपलब्ध उपकरणों के नाम, उनकी क्षमता, उपयोग की विधि तथा अग्निशमन एवं रेस्क्यू कार्यों के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सभी वाहनों और उपकरणों की साफ-सफाई कर उनकी कार्यक्षमता की जांच की गई और उन्हें किसी भी आपात स्थिति में तुरंत उपयोग के लिए तैयार रखा गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि इस तरह की नियमित ड्रिल का उद्देश्य विभागीय तैयारियों को मजबूत करना और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।