बावन में हजरत शेर मियां उर्फ दादा मियां सरकार के सालाना उर्स में गूंज रही कव्वालियां, उमड़ी अकीदतमंदों की भीड़, दो दिवसीय उर्स कार्यक्रम का सुबह होगा समापन

हरदोई। बावन कस्बे में हजरत शेर मियां उर्फ दादा मियां सरकार की याद में आयोजित दो दिवसीय सालाना उर्स का कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हो रहा है। 10 और 11 जून को आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने पहुंचकर हाजिरी लगाई और दुआएं मांगी।
उर्स के दूसरे दिन गुरुवार को मशहूर कव्वाल फैजान कादरी और कव्वाला चाहत वारसी ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। दोनों कलाकारों ने नबी-ए-पाक और सूफी संतों की शान में एक से बढ़कर एक कव्वालियां पेश की, जिससे पूरा माहौल आध्यात्मिक रंग में रंग गया। कव्वालियों के दौरान उपस्थित लोगों ने खूब सराहना की और देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लिया।
कार्यक्रम में फैजान कादरी और चाहत वारसी के बीच जवाबी कव्वाली मुकाबला भी आकर्षण का केंद्र रहा। दोनों कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उर्स में दूर-दराज क्षेत्रों से आए लोगों ने भी शिरकत की और दरगाह पर चादरपोशी कर अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
इस अवसर पर जब्बार खान, इशहाक खान, साजिद बाबा, धर्मेश मिश्रा, सईद खान, मेराज खान, अयाज खान, सरफराज खान, गुलफराज उर्फ शानू खान, लक्ष्मण और अमीनुद्दीन खान समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। लोनार कोतवाल सुनील कुमार मिश्रा, बावन चौकी प्रभारी वरुण शुक्ला सहित भारी संख्या में पुलिस बल कार्यक्रम स्थल पर तैनात रहा, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।