प्रयागराज मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने कमाल किया, मई में 10.51 करोड़ रुपये का राजस्व; उत्कृष्ट कर्मचारियों को मिला सम्मान

मई में 10.51 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित करने वाले प्रयागराज मंडल के टिकट चेकिंग कर्मचारियों को मिला सम्मान

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में मई 2026 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टिकट चेकिंग कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) हरि मोहन के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष टिकट जांच अभियानों के तहत कर्मचारियों ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए रेलवे को 10.51 करोड़ रुपये का राजस्व दिलाया।

गुरुवार को आयोजित सम्मान समारोह में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरि मोहन ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले टिकट चेकिंग कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक (टिकट चेकिंग) पंकज कुमार त्रिपाठी और मुख्य वाणिज्य निरीक्षक (टिकट चेकिंग) अम्बरीश कुमार राय भी उपस्थित रहे।

ओपन स्क्वाड श्रेणी में रविकांत त्रिपाठी रहे अव्वल

मई माह में ओपन स्क्वाड श्रेणी में उप मुख्य टिकट निरीक्षक रविकांत त्रिपाठी ने 1569 मामलों में कार्रवाई करते हुए 11.60 लाख रुपये का राजस्व अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं अवनीश प्रताप सिंह ने 10.54 लाख रुपये और राजकुमार यादव ने 8.27 लाख रुपये का राजस्व अर्जित कर क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।

इसके अलावा कौशल कुमार और प्रियदर्शी एस. सिन्हा ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन कर विभाग का गौरव बढ़ाया।

एमेनिटी स्टाफ श्रेणी में निहाल सिंह मीणा प्रथम

एमेनिटी स्टाफ श्रेणी में निहाल सिंह मीणा ने सर्वाधिक राजस्व अर्जित कर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं विजय पाल, मंजू मेहरोत्रा, छुट्टेश कुमार मीणा और जे.एन. सिंह ने भी सराहनीय कार्य किया।

महिला कर्मचारियों में गायत्री देवी ने बनाई पहचान

महिला टिकट चेकिंग कर्मचारियों में मुख्य टिकट निरीक्षक गायत्री देवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1066 मामलों में कार्रवाई की और 7.31 लाख रुपये का राजस्व अर्जित कर प्रथम स्थान हासिल किया।

नियमों के प्रति बढ़ी जागरूकता

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरि मोहन ने सम्मानित कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और निरंतर प्रयासों से न केवल रेलवे के राजस्व में वृद्धि हुई है, बल्कि यात्रियों में वैध टिकट के साथ यात्रा करने और रेलवे नियमों का पालन करने के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि प्रयागराज मंडल यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और बेहतर यात्रा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित और प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।