यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे का बड़ा फैसला, प्रयागराज-हड़पसर स्पेशल में बढ़ाए जाएंगे कोच

यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे का बड़ा फैसला, प्रयागराज-हड़पसर स्पेशल में बढ़ाए जाएंगे कोच

प्रयागराज। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने 04107/04108 प्रयागराज-हड़पसर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की कोच संरचना में संशोधन करने का निर्णय लिया है। रेलवे ने यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में दो अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ने का फैसला किया है।

नई व्यवस्था के अनुसार ट्रेन में अब 23 कोच होंगे। इसमें एसएलआर/डी-02, सामान्य श्रेणी-07, स्लीपर-11, एसी थर्ड-02 तथा एसी सेकेंड-01 कोच शामिल रहेंगे। यह संशोधित व्यवस्था 04107 प्रयागराज-हड़पसर में 10 जून से 15 जुलाई 2026 तथा 04108 हड़पसर-प्रयागराज में 11 जून से 16 जुलाई 2026 तक लागू रहेगी।

सूबेदारगंज-इंदौर विशेष ट्रेन का संचालन सितंबर तक बढ़ाया

रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए 04169/04170 सूबेदारगंज-इंदौर-सूबेदारगंज विशेष ट्रेन का संचालन भी जारी रखने का निर्णय लिया है।

04169 सूबेदारगंज-इंदौर प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को 15 जून से 28 सितंबर 2026 तक संचालित होगी।

04170 इंदौर-सूबेदारगंज प्रत्येक मंगलवार एवं शनिवार को 16 जून से 29 सितंबर 2026 तक चलेगी।

कुल 31-31 फेरे संचालित किए जाएंगे।

ट्रेन में 19 कोच रहेंगे, जिनमें एसएलआर/डी-02, सामान्य-08, स्लीपर-08 और एसी थर्ड-01 कोच शामिल होंगे। ट्रेन का संचालन सिराथू, फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, भिंड, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, रुठियाई, मक्सी, उज्जैन एवं फतेहाबाद चंद्रावतीगंज जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव के साथ किया जाएगा।

प्रयागराज-उधना विशेष ट्रेन के भी 15-15 फेरे

रेल प्रशासन ने 04105/04106 प्रयागराज-उधना-प्रयागराज विशेष ट्रेन के संचालन की भी घोषणा की है।

04105 प्रयागराज-उधना प्रत्येक गुरुवार एवं रविवार को 11 जून से 30 जुलाई 2026 तक चलेगी।

04106 उधना-प्रयागराज प्रत्येक शुक्रवार एवं सोमवार को 12 जून से 31 जुलाई 2026 तक संचालित होगी।

दोनों दिशाओं में 15-15 फेरे लगाए जाएंगे।

इस ट्रेन में 24 कोच होंगे, जिनमें एसएलआर/डी-02, सामान्य-08, स्लीपर-09, एसी थर्ड-04 तथा एसी सेकेंड-01 कोच शामिल रहेंगे। ट्रेन इटावा, ग्वालियर, गुना, रुठियाई, मक्सी, उज्जैन, नागदा, रतलाम, गोधरा, छायापुरी और भरूच सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहरेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन विशेष ट्रेनों के संचालन और कोच वृद्धि से गर्मी एवं त्योहारों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त सीट उपलब्ध होंगी तथा प्रतीक्षा सूची के दबाव में भी कमी आएगी।