फिरोजपुर मंडल को बड़ी सफलता, एस.एल.आर. लीजिंग अनुबंध से मिलेगा ₹3.91 करोड़ का राजस्व

फिरोजपुर मंडल को बड़ी सफलता, एस.एल.आर. लीजिंग अनुबंध से मिलेगा ₹3.91 करोड़ का राजस्व

फिरोजपुर। भारतीय रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने ई-निविदा प्रक्रिया के माध्यम से ट्रेन संख्या 11058 में एस.एल.आर. (गार्ड सह लगेज वैन) लीजिंग अनुबंध सफलतापूर्वक आवंटित कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस अनुबंध से रेलवे को लगभग 3.91 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होगा, जिससे रेलवे की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार ई-निविदा के माध्यम से किए गए इस अनुबंध से न केवल राजस्व बढ़ेगा, बल्कि ट्रेनों में उपलब्ध स्थान का बेहतर और प्रभावी उपयोग भी सुनिश्चित होगा। एस.एल.आर. लीजिंग व्यवस्था के तहत व्यापारियों और व्यवसायिक संस्थानों को अपने सामान को एक स्थान से दूसरे स्थान तक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से भेजने का अवसर मिलता है।

इस व्यवस्था का लाभ यात्रियों और व्यापारियों दोनों को मिल रहा है। जहां एक ओर रेलवे को अतिरिक्त आय प्राप्त हो रही है, वहीं दूसरी ओर व्यापारियों को समय और लागत की बचत के साथ विश्वसनीय परिवहन सुविधा उपलब्ध हो रही है। रेलवे का मानना है कि ऐसी योजनाएं माल परिवहन को बढ़ावा देने के साथ-साथ रेलवे की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध हो रही हैं।

फिरोजपुर मंडल द्वारा ई-निविदा प्रक्रिया के जरिए पारदर्शी और प्रतिस्पर्धात्मक तरीके से अनुबंध आवंटित किए जा रहे हैं। इससे रेलवे की आय में लगातार वृद्धि हो रही है और सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिल रहा है।

रेलवे अधिकारियों ने विश्वास जताया है कि भविष्य में भी इस प्रकार की पहलों के माध्यम से राजस्व बढ़ाने और यात्रियों एवं व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे।