बोड़ा: झूलते बिजली तार बने ऊंट की मौत का कारण- क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पर उठे

राजगढ़। जिले के बोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कुंवर कोटरी में एक दर्दनाक हादसे ने बिजली व्यवस्था की खामियों को उजागर कर दिया है। गांव के समीप झूल रहे हाईटेंशन बिजली तारों की चपेट में आने से एक ऊंट की मौत हो गई, जिसके बाद क्षेत्र में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

मारवाड़ा पशुपालन परिवार के अनुसार, वो राजस्थान के मारवाड़ क्षेत्र से आए जो अपने पशुओं के साथ गांव के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक ऊंट नीचे लटक रहे विद्युत तारों के संपर्क में आ गया। करंट लगने से पशु की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पशुपालक परिवार को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है।हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। वहीं घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग के प्रति नाराजगी जताई। उनका कहना है कि क्षेत्र के कई गांवों में बिजली के तार और पोल जर्जर हालत में हैं तथा कई स्थानों पर तार काफी नीचे झूल रहे हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में भी विभाग को इस समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन समय रहते सुधार कार्य नहीं किए गए। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही विद्युत लाइनों की मरम्मत नहीं की गई तो भविष्य में किसी बड़ी जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि पूरे क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर जर्जर पोल और झूलते तारों को दुरुस्त कराया जाए तथा प्रभावित पशुपालक परिवार को उचित सहायता उपलब्ध कराई जाए।