अमृत भारत स्टेशन योजना से बदली लालगढ़ जंक्शन की तस्वीर, श्रद्धालुओं और यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

अमृत भारत स्टेशन योजना से बदली लालगढ़ जंक्शन की तस्वीर, श्रद्धालुओं और यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

बीकानेर। पंजाब और उत्तरी राजस्थान से मां करणी के दर्शन के लिए देशनोक आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अब यात्रा और अधिक सुविधाजनक हो गई है। बीकानेर का प्रमुख उपनगरीय रेलवे स्टेशन लालगढ़ जंक्शन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर नए स्वरूप में विकसित हो रहा है। स्टेशन के पुनर्विकास से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि बीकानेर मुख्य स्टेशन पर यात्रियों का दबाव भी कम होगा।

लालगढ़ जंक्शन जोधपुर-बठिंडा रेलखंड और फलोदी-लालगढ़ लाइन पर स्थित एक महत्वपूर्ण रेलवे जंक्शन है। यह स्टेशन बीकानेर शहर के उत्तरी क्षेत्र को रेल सेवाएं उपलब्ध कराता है तथा करणी माता मंदिर, देशनोक जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख रेल संपर्क केंद्र के रूप में कार्य करता है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार लालगढ़ जंक्शन को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लगभग 18.70 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित किया गया है। स्टेशन भवन के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ प्रवेश और निकास मार्गों को अलग-अलग विकसित किया गया है। इसके अलावा बाउंड्री वॉल, सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण, दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था, बुकिंग कार्यालय, रिटायरिंग रूम तथा नए शौचालय ब्लॉकों का निर्माण भी लगभग पूरा हो चुका है।

स्टेशन को आकर्षक बनाने के लिए एलईडी लाइटिंग और दीवारों पर स्थानीय संस्कृति एवं कला को दर्शाते हुए विशेष आर्टवर्क भी किया गया है। दिव्यांगजन यात्रियों की सुविधा के लिए उपयुक्त साइनेज और सुगम पहुंच की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्टेशन परिसर में लगभग 22.50 लाख रुपये की लागत से 50 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित किया गया है। वहीं यात्री सूचना प्रणाली को अत्याधुनिक बनाते हुए कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड, मल्टीलाइन डिस्प्ले बोर्ड, सिंगल लाइन डिस्प्ले, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, बड़े एलईडी स्क्रीन तथा जीपीएस आधारित डिजिटल घड़ियां लगाई गई हैं।

यात्रियों की आवाजाही को और अधिक सुगम बनाने के लिए स्टेशन पर लगभग 7.02 करोड़ रुपये की लागत से 12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज बनाया जा रहा है, जिसका करीब 85 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि लालगढ़ जंक्शन के पुनर्विकास से यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, आवागमन आसान होगा और स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिलेगी। इसके साथ ही क्षेत्र में पर्यटन, स्थानीय हस्तशिल्प और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित लालगढ़ जंक्शन अब आधुनिकता, सुविधा और सांस्कृतिक पहचान का नया प्रतीक बनकर उभर रहा है।