हरदोई में चेन स्नेचिंग का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में महिला से चेन लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, 3 जून 2026 को फतेहपुर जनपद के थाना हरिहरगंज क्षेत्र स्थित दुर्गा नगर कॉलोनी निवासी अन्विति त्रिवेदी ने तहरीर देकर बताया था कि वह आवास विकास चौराहे पर खड़ी थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और आगे चेकिंग होने की बात कहकर जेवर उतारकर रखने की सलाह दी। बातों में उलझाकर आरोपी उनकी सोने की चेन लेकर फरार हो गए। इस संबंध में कोतवाली शहर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में गठित टीम सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ बदमाश बावन रोड बाईपास स्थित पुल के पास किसी वारदात की फिराक में हैं।
सूचना पर एसओजी, स्वाट, सर्विलांस और कोतवाली शहर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देख बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। मुठभेड़ में पवन कुमार निवासी आजमगढ़ तथा अंकित वर्मा उर्फ अंकित लोध निवासी उन्नाव घायल हो गए और गिरफ्तार कर लिए गए।
सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक, एक चोरी की स्कूटी, आभूषण, दो तमंचे, कारतूस और अन्य सामान बरामद किया गया है। पवन पर 46 तथा अंकित पर 28 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।