बिजनौर में विशेष अग्नि सुरक्षा अभियान के तहत होटल, रेस्तरां एवं पब्लिक क्लबों का निरीक्षण करते अग्निशमन विभाग के अधिकारी।

बिजनौर में अग्निशमन विभाग का विशेष अभियान, 16 होटल-रेस्तरां व पब्लिक क्लबों का हुआ निरीक्षण

बिजनौर। महानिदेशक अग्निशमन एवं आपात सेवा मुख्यालय, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद बिजनौर में अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्कीम संख्या-05 के अंतर्गत विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिले के विभिन्न होटल, रेस्तरां और पब्लिक क्लबों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर.के. पाण्डेय के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 16 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया तथा लगभग 340 लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

निरीक्षण के दौरान सिविल लाइन बिजनौर स्थित रोहित होटल एवं शिप्रा होटल, नजीबाबाद रोड स्थित रजत होटल, चांदपुर के अतुल्य रेस्टोरेंट, नूरपुर के हवेली गेस्ट हाउस, नगीना के होटल सुनराही, तुलाराम फूड प्लाजा एवं होटल न्यू तड़का एंड रेस्टोरेंट सहित धामपुर, स्योहारा, नजीबाबाद और किरतपुर क्षेत्र के विभिन्न होटल व रेस्तरां की अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई।

अभियान के दौरान होटल एवं रेस्तरां संचालकों को निर्देश दिए गए कि सभी अग्निशमन उपकरणों को सदैव कार्यशील अवस्था में रखें तथा उनका नियमित अनुरक्षण कराते रहें। साथ ही कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षित निकासी प्रक्रिया और प्राथमिक अग्निशमन उपायों के संबंध में प्रशिक्षण एवं जागरूकता प्रदान की गई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर.के. पाण्डेय ने बताया कि अग्निकांड की घटनाओं को रोकने और जनहानि से बचाव के लिए ऐसे जागरूकता एवं निरीक्षण अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दें।