बिजनौर में अग्निशमन विभाग का व्यापक जागरूकता अभियान, 740 लोगों को आग से बचाव की दी गई जानकारी

बिजनौर में अग्निशमन विभाग का व्यापक जागरूकता अभियान, 740 लोगों को आग से बचाव की दी गई जानकारी

स्कीम नंबर-15 के तहत 9 स्थानों पर चला अभियान, झोपड़पट्टियों में लोगों को किया गया सतर्क

बिजनौर। अपर पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवाएं लखनऊ के आदेशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक बिजनौर के निर्देशानुसार जनपद बिजनौर में स्कीम नम्बर-15 के तहत 10 मई 2026 से 20 मई 2026 तक दुर्बल/निम्न आय वर्ग एवं स्लम (झोपड़पट्टी) क्षेत्रों में आग से बचाव हेतु जागरूकता अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए गए थे।

इसी क्रम में दिनांक 20.05.2026 को मुख्य अग्निशमन अधिकारी जनपद बिजनौर के निर्देशन में अग्निशमन विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में चांदपुर, नगीना, बिजनौर, नजीबाबाद एवं धामपुर क्षेत्र के प्रभारी अग्निशमन अधिकारियों की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत आने वाली झोपड़पट्टियों एवं निम्न आय वर्ग की बस्तियों में पहुंचकर लोगों को आग से बचाव की महत्वपूर्ण जानकारी दी।

अग्निशमन विभाग की टीम ने लोगों को बताया कि झोपड़पट्टी क्षेत्रों में लकड़ी के चूल्हे की आग, कुकिंग गैस सिलेंडर एवं छोटे सिलेंडरों से आग लगने की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं। इसके साथ ही लापरवाही, चूल्हे से निकलने वाली चिंगारी, बिजली की लूज वायरिंग, सिलेंडर के पुराने या कटे-फटे पाइप तथा रेगुलेटर में लीकेज जैसी समस्याएं गंभीर अग्निकांड का कारण बन जाती हैं। ऐसे में समय रहते सतर्कता और सुरक्षा नियमों का पालन अत्यंत जरूरी है।

अभियान के दौरान फायर सर्विस कर्मियों ने ग्रामीणों को घरेलू गैस उपकरणों की नियमित जांच करने, खाना बनाते समय सावधानी बरतने, गैस पाइप व रेगुलेटर समय-समय पर बदलने, खुले तारों को ठीक कराने तथा आग लगने की स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना देने के बारे में जागरूक किया। साथ ही बताया गया कि आग लगने पर घबराने के बजाय सही तरीके से प्रारंभिक बचाव करना आवश्यक है।

इस जागरूकता अभियान के अंतर्गत जनपद बिजनौर में कुल 09 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें कुल 740 लोगों को जागरूक किया गया। अभियान जिन स्थानों पर चलाया गया, उनमें काशीराम कॉलोनी रोड ग्राम सियाऊ थाना चांदपुर, गांव फिरोजपुर थाना स्योहारा, गांव इस्लाम नगर थाना स्योहारा, गांव राबलहेड़ी नगीना, मोरारका स्कूल चौक बुंदकी नगीना, द्वारिकेश शुगर मील मार्किट बुंदकी नगीना, ग्राम नई बस्ती बरहमपुर थाना मंडावर, ग्राम रफीकउलनगर थाना मंडावर तथा ग्राम ब्रह्मपुरी थाना मंडावर शामिल रहे।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर.के. पाण्डेय ने बताया कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य झोपड़पट्टियों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आग से होने वाले खतरे के प्रति सतर्क करना है, ताकि समय रहते दुर्घटनाओं को रोका जा सके और जनपद में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेंगे।