अटगांव स्टेशन पर नए इंटरलॉकिंग सिस्टम के लिए 13 घंटे का विशेष ब्लॉक, कई ट्रेनें रद्द व मार्ग परिवर्तित

मुंबई। मध्य रेल के मुंबई मंडल द्वारा अटगांव स्टेशन पर नए इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम की स्थापना तथा पुराने पैनल को हटाने के लिए 6 जून (शनिवार) से 7 जून (रविवार) तक विशेष यातायात एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक आसनगांव और थानसिट स्टेशनों के बीच अप एवं डाउन एनई लाइनों पर 6 जून को दोपहर 2 बजे से 7 जून को सुबह 3 बजे तक प्रभावी रहेगा।

रेल प्रशासन के अनुसार यह कार्य रेल संरक्षा और बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण के लिए आवश्यक है। हालांकि, इस दौरान लंबी दूरी की कई ट्रेनों तथा उपनगरीय सेवाओं पर असर पड़ेगा।

चार प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द

ब्लॉक के कारण 6 जून को चलने वाली निम्नलिखित ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंग

11011 सीएसएमटी धुले एक्सप्रेस

11012 धुले सीएसएमटी एक्सप्रेस

12109 सीएसएमटी मनमाड पंचवटी एक्सप्रेस

12110 मनमाड सीएसएमटी पंचवटी एक्सप्रेस

कुछ ट्रेनों का शॉर्ट टर्मिनेशन और शॉर्ट ओरिजिनेशन

हजूर साहिब नांदेड़ सीएसएमटी एक्सप्रेस को मनमाड में तथा हिंगोली डेक्कन?सीएसएमटी जनशताब्दी एक्सप्रेस को नासिक रोड में शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा। वहीं वापसी दिशा में संबंधित ट्रेनें मनमाड और नासिक रोड से शॉर्ट ओरिजिनेट होंगी।

कई ट्रेनों का समय बदला गया

ब्लॉक के कारण सीएसएमटी और लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) से चलने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनों को 1 से 5 घंटे तक रिशेड्यूल किया गया है। इनमें हावड़ा मेल, अमृतसर एक्सप्रेस, गोरखपुर स्पेशल, महानगरी एक्सप्रेस, नागपुर स्पेशल, शालीमार एक्सप्रेस, बनारस सुपरफास्ट, पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, हटिया सुपरफास्ट तथा कुशीनगर सुपरफास्ट एक्सप्रेस शामिल हैं।

कई ट्रेनों का मार्ग बदला जाएगा

6 जून को चलने वाली कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों को कल्याण?कर्जत?पुणे?मनमाड मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। इनमें एलटीटी?बलिया कामायनी एक्सप्रेस, दादर?गोरखपुर स्पेशल, पनवेल?गोरखपुर एक्सप्रेस, सीएसएमटी?बल्हारशाह एक्सप्रेस, दादर?साईनगर एक्सप्रेस तथा देवगिरी एक्सप्रेस शामिल हैं।

उपनगरीय सेवाएं भी प्रभावित

ब्लॉक अवधि के दौरान आसनगांव और कसारा के बीच लोकल ट्रेन सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। कई कसारा-सीएसएमटी और सीएसएमटी-कसारा लोकल ट्रेनें आसनगांव, खडवली, टिटवाला और कल्याण स्टेशन तक ही संचालित की जाएंगी।

रेल प्रशासन ने बताया कि ब्लॉक से पहले कसारा के लिए अंतिम डाउन लोकल 6 जून को सुबह 10:16 बजे सीएसएमटी से रवाना होगी, जबकि ब्लॉक समाप्त होने के बाद पहली डाउन लोकल 7 जून को सुबह 4:19 बजे चलेगी। इसी प्रकार सीएसएमटी के लिए अंतिम अप लोकल 6 जून को दोपहर 12:19 बजे कसारा से चलेगी तथा पहली अप लोकल 7 जून को सुबह 3:51 बजे रवाना होगी।

मेन लाइन पर मेगा ब्लॉक नहीं

मध्य रेल ने स्पष्ट किया है कि सीएसएमटी?कल्याण मेन लाइन खंड पर कोई मेगा ब्लॉक नहीं लिया जाएगा और वहां ट्रेन संचालन सामान्य रहेगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है तथा असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।