कसारा सेक्शन में विशेष ट्रैफिक और पावर ब्लॉक, कई लोकल सेवाएं रहेंगी प्रभावित

मुंबई। सेंट्रल रेलवे के मुंबई मंडल द्वारा इगतपुरी-खर्डी सेक्शन के कसारा क्षेत्र में ओएचई कार्य के तहत इंफ्रिंजमेंट हटाने की तैयारी के लिए विशेष ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक 2 जून 2026 से 5 जून 2026 तक प्रतिदिन दोपहर में दो घंटे के लिए संचालित किया जाएगा।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यह ब्लॉक प्रतिदिन दोपहर 3:50 बजे से शाम 5:50 बजे तक लागू रहेगा। ब्लॉक थाल घाट रिवर्सल केबिन और खर्डी स्टेशन के मध्य अप लाइन, मिड लाइन, अप यार्ड लाइन तथा प्लेटफॉर्म संख्या 2, 3 एवं 4 पर लिया जाएगा।

ब्लॉक अवधि के दौरान आसनगांव और कसारा के बीच उपनगरीय लोकल सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। इसके चलते सीएसएमटी-कसारा लोकल सेवाओं में आंशिक बदलाव किया गया है। सीएसएमटी से दोपहर 1:10 बजे, 2:17 बजे और 2:46 बजे रवाना होने वाली N19, N21 एवं N23 लोकल ट्रेनें कसारा के बजाय आसनगांव तक ही संचालित होंगी।

वहीं कसारा-सीएसएमटी लोकल सेवाएं भी आसनगांव से शुरू होंगी। N24 लोकल, जो सामान्यतः कसारा से 3:35 बजे चलती है, अब आसनगांव से 4:12 बजे रवाना होगी। इसी प्रकार N26 लोकल 4:54 बजे तथा N28 लोकल 5:39 बजे आसनगांव से संचालित की जाएगी।

रेलवे ने ब्लॉक से पहले और बाद की पहली एवं अंतिम लोकल सेवाओं की जानकारी भी जारी की है। ब्लॉक से पहले कसारा के लिए अंतिम लोकल N17 होगी, जो सीएसएमटी से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी। वहीं सीएसएमटी के लिए कसारा से अंतिम लोकल N22 दोपहर 2:42 बजे चलेगी। ब्लॉक समाप्त होने के बाद कसारा के लिए पहली लोकल N25 शाम 4:50 बजे सीएसएमटी से तथा सीएसएमटी के लिए पहली लोकल N30 शाम 6:17 बजे कसारा से रवाना होगी।

सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला ने बताया कि रेलवे अवसंरचना के रखरखाव एवं सुरक्षा के लिए यह ब्लॉक आवश्यक है। यात्रियों से असुविधा के लिए सहयोग की अपील की गई है।