खेरागढ़ में शंकराचार्य जी की यात्रा को लेकर लादूखेड़ा में हुई बैठक

आगरा - लादूखेड़ा। खेरागढ़ में प्रस्तावित जगद्गुरु शंकराचार्य जी की यात्रा एवं धर्मसभा को लेकर गुरुवार को लादूखेड़ा में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, श्रद्धालुओं की सहभागिता तथा स्वागत व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में एडवोकेट अरुण पचौरी ने कहा कि शंकराचार्य जी का खेरागढ़ आगमन क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि इस धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार हो सके।

इस दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, यात्रा मार्ग, स्वागत स्थलों एवं अन्य व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित लोगों ने आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए।

बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, धर्मप्रेमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। शंकराचार्य जी की प्रस्तावित यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।