मुरादाबाद में गद्दों के गोदाम में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

मुरादाबाद में गद्दों के गोदाम में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

मुरादाबाद। जनपद मुरादाबाद के गुलाबबाड़ी क्षेत्र में बुधवार शाम एक गद्दों के गोदाम में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग मो. शादाब के गोदाम में शाम करीब 6:15 बजे लगी। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ आर के पाण्डेय के नेतृत्व में अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने विभाग की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग बुझाने का अभियान चलाया। आग पर काबू पाने के लिए दो वाटर बाउजर, दो फायर टेंडर तथा एक रेस्क्यू टेंडर को मौके पर लगाया गया।

घटनास्थल पर अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी मोहित कुमार, कटघर थाना प्रभारी सहित पुलिस बल भी मौजूद रहा। पुलिस और फायर सर्विस के संयुक्त प्रयासों से आग को फैलने से रोकते हुए सफलतापूर्वक नियंत्रित कर लिया गया।

आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। समय रहते फायर ब्रिगेड की कार्रवाई से आसपास के क्षेत्रों और अन्य संपत्तियों को संभावित नुकसान से बचा लिया गया। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है तथा स्थिति सामान्य है।