मुरादाबाद जेल में महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों के समग्र विकास पर हुई समीक्षा बैठक

मुरादाबाद जेल में महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों के समग्र विकास पर हुई समीक्षा बैठक

मुरादाबाद। जिला कारागार मुरादाबाद में निरुद्ध महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों के समग्र विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी, मुरादाबाद ने की।

यह बैठक माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद द्वारा पारित आदेशों एवं निर्देशों के अनुपालन में आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी, प्रभारी वरिष्ठ जेल अधीक्षक, बाल रोग विशेषज्ञ, जिला चिकित्सालय के प्रतिनिधि, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सदस्य बाल कल्याण समिति तथा अन्य संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।

अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में जिला कारागार मुरादाबाद में पांच महिला बंदियों के साथ छह वर्ष से कम आयु के पांच बच्चे रह रहे हैं, जिनमें चार बालिकाएं और एक बालक शामिल हैं। बैठक के दौरान बच्चों के टीकाकरण, स्वास्थ्य सेवाओं, पोषण, शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान महिला बैरक का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने पाया कि बच्चों के लिए पर्याप्त दूध एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बच्चों का नियमित टीकाकरण कराया जा रहा है तथा उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं। कारागार में तैनात चिकित्सकों के अलावा जिला चिकित्सालय के बाल रोग विशेषज्ञ समय-समय पर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार उपलब्ध करा रहे हैं।

बैठक में महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों के सर्वांगीण विकास और बेहतर भविष्य को लेकर विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बच्चों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं और अवसर सुनिश्चित किए जाएं, ताकि उनके शारीरिक, मानसिक और शैक्षिक विकास में कोई बाधा न आए।

बैठक के अंत में संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए बच्चों के हितों की रक्षा और उनके समुचित विकास के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।