उत्तर पश्चिम रेलवे का शानदार प्रदर्शन, दो माह में 1358 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले दो महीनों (अप्रैल एवं मई) में यात्री और माल परिवहन दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस अवधि में रेलवे ने 3.17 करोड़ यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराते हुए 656 करोड़ रुपये की आय अर्जित की, जबकि 5.39 मिलियन टन माल की ढुलाई से 702 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया। इस प्रकार कुल मिलाकर उत्तर पश्चिम रेलवे ने दो माह में 1358 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि महाप्रबंधक अमिताभ के नेतृत्व में रेलवे प्रशासन ने संरक्षा, समयपालन, यात्री सुविधाओं के विस्तार, आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने तथा निर्माण एवं विद्युतीकरण कार्यों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार पूरा करने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। इन्हीं प्रयासों का सकारात्मक परिणाम रेलवे के राजस्व और परिचालन प्रदर्शन में देखने को मिला है।

रेलवे के आंकड़ों के अनुसार अप्रैल और मई 2026 के दौरान यात्री आय में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं माल ढुलाई से होने वाली आय में भी 17 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। यह उपलब्धि उत्तर पश्चिम रेलवे की बेहतर कार्यप्रणाली और संसाधनों के प्रभावी उपयोग को दर्शाती है।

रेल प्रशासन द्वारा आय बढ़ाने के लिए उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जा रहा है, जिससे रेलवे राजस्व में लगातार वृद्धि दर्ज हो रही है। यात्री सुविधाओं के आधुनिकीकरण, सुरक्षित एवं समयबद्ध संचालन तथा माल परिवहन सेवाओं में सुधार के कारण उत्तर पश्चिम रेलवे ने भारतीय रेलवे में अपनी अलग पहचान बनाई है।

महाप्रबंधक अमिताभ के नेतृत्व में उत्तर पश्चिम रेलवे न केवल राजस्व अर्जन में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है, बल्कि यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी निरंतर अग्रसर है। रेलवे प्रशासन का लक्ष्य आने वाले समय में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखते हुए यात्रियों और ग्राहकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करना है।