दिल्ली-कश्मीर के बीच पार्सल सेवा को मिली रफ्तार, बड़गाम-आदर्श नगर JPP-RCS एक्सप्रेस का ट्रायल संचालन बढ़ा

जम्मू। उत्तर रेलवे ने दिल्ली-एनसीआर और कश्मीर घाटी के बीच माल एवं पार्सल परिवहन को और अधिक सुगम बनाने के लिए आदर्श नगर नई दिल्ली-बड़गाम JPP-RCS पार्सल एक्सप्रेस (00461/00462) के प्रायोगिक संचालन की अवधि बढ़ा दी है। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार यह सेवा 1 जून 2026 से पुनः शुरू कर दी गई है और निर्धारित समय-सारणी के अनुसार प्रतिदिन संचालित होगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार 845 किलोमीटर लंबी इस पार्सल सेवा में 8 वीपी (VP) तथा 1 एसएलआर (SLR) कोच लगाए गए हैं। ट्रेन संख्या 00461 का संचालन 1 जून से 30 सितंबर 2026 तक आदर्श नगर नई दिल्ली से तथा ट्रेन संख्या 00462 का संचालन 3 जून से 2 अक्टूबर 2026 तक बड़गाम से प्रतिदिन किया जाएगा।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि पार्सल की लोडिंग और अनलोडिंग केवल आदर्श नगर, बड़ी ब्राह्मण और बड़गाम स्टेशनों पर निर्धारित ठहराव के दौरान ही होगी। बड़ी ब्राह्मण स्टेशन पर ट्रेन संख्या 00461 का आगमन रात 7:45 बजे और प्रस्थान रात 10 बजे निर्धारित किया गया है, जबकि ट्रेन संख्या 00462 दोपहर 3 बजे पहुंचेगी और शाम 4:30 बजे रवाना होगी।

यह पूरी तरह से पार्सल सेवा है, इसलिए किसी भी यात्री को वीपी अथवा एसएलआर कोच में यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी।

उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि यह सेवा माल यातायात को तेज, सुरक्षित और ग्राहक-अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि दिल्ली-एनसीआर और कश्मीर घाटी के बीच दैनिक पार्सल सेवा शुरू होने से व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और कारोबारी वर्ग को बेहतर लॉजिस्टिक सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने पार्सल से जुड़े सभी हितधारकों से इस सेवा का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से कश्मीर घाटी तक आवश्यक वस्तुओं और व्यावसायिक सामान की आपूर्ति अधिक तेज और व्यवस्थित ढंग से हो सकेगी।