कम खर्च में आधुनिक सफर, अमृतसर से जलपाईगुड़ी के लिए नई ट्रेन शुरू

अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू

केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने दिखाई हरी झंडी, यात्रियों में उत्साह

अमृतसर। पंजाब के अमृतसर रेलवे स्टेशन से गुरुवार को नई 14664 अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ किया गया। केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, भाजपा नेता, रेलवे कर्मचारी और बड़ी संख्या में यात्री उपस्थित रहे।

शुभारंभ अवसर पर अमृतसर रेलवे स्टेशन को विशेष रूप से सजाया गया था। नई ट्रेन को लेकर यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला। यह ट्रेन लगभग 1900 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए अमृतसर को पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी से जोड़ेगी।

कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि अमृत भारत एक्सप्रेस को विशेष रूप से आम और मध्यम वर्ग के यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि यह ट्रेन कम खर्च में आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के संचालन से पंजाब और पूर्वी भारत के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही यह रेल सेवा दोनों क्षेत्रों के बीच संपर्क को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाएगी।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अमृत भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा, जिससे लंबी दूरी की यात्रा और अधिक आसान हो जाएगी।