शीतल जल सेवा का समापन, विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर स्काउट-गाइड ने चलाया जागरूकता अभियान

शीतल जल सेवा का समापन, विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर स्काउट-गाइड ने चलाया जागरूकता अभियान

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे भारत स्काउट एंड गाइड, जिला संघ अहमदाबाद द्वारा विगत एक माह से संचालित निःशुल्क शीतल जल सेवा का रविवार को सफलतापूर्वक समापन किया गया। भीषण गर्मी के दौरान स्काउट एवं गाइड सदस्यों ने रेलवे यात्रियों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराकर मानव सेवा और सामाजिक सरोकार का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

सेवा के समापन अवसर पर विश्व तंबाकू निषेध दिवस के तहत साबरमती रेलवे स्टेशन पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। स्काउट-गाइड सदस्यों ने तंबाकू निषेध संबंधी संदेशों वाली तख्तियां लेकर यात्रियों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद न्यू रेलवे कॉलोनी स्थित स्काउट डेन में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (वटवा) अशोक कुमार ने निःस्वार्थ भाव से जल सेवा में योगदान देने वाले जल सेवकों को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान हाल ही में डिजास्टर प्रिपेयर्डनेस एवं डिजास्टर मैनेजमेंट प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले स्काउट परिवार के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। फायर सेफ्टी ऑफिसर गजेन्द्र बिहुला एवं एग्जामिनर तेजस वाला ने प्रशिक्षित सदस्यों को दक्षता पदक प्रमाण-पत्र प्रदान किए। साथ ही संस्था की ओर से उन्हें विशेष सम्मान-पत्र देकर उनकी उपलब्धि को सराहा गया।

समारोह में उपस्थित अधिकारियों और स्काउट-गाइड सदस्यों ने समाज सेवा, आपदा प्रबंधन, जन-जागरूकता तथा मानव कल्याण से जुड़े कार्यों को भविष्य में भी निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।

मानव सेवा, जन-जागरूकता और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में पश्चिम रेलवे भारत स्काउट एंड गाइड का यह प्रयास सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा है।