पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे में 48 घंटे के भीतर कई सफल ऑपरेशन, यात्री सुरक्षा और अपराध नियंत्रण पर विशेष फोकस

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की आरपीएफ का बड़ा अभियान: गांजा-शराब बरामद, नाबालिगों का रेस्क्यू और अतिक्रमण पर कार्रवाई

मालीगांव। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की रेलवे सुरक्षा बल ने यात्री सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और रेल परिसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपने अभियान और तेज कर दिए हैं। 25 और 26 मई 2026 को पूरे जोन में चलाए गए विशेष अभियानों के दौरान आरपीएफ ने अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की बरामदगी, नाबालिगों के रेस्क्यू तथा अतिक्रमण हटाने जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य किए।

आरपीएफ द्वारा 25 मई को चलाए गए अपराध-रोधी अभियानों के दौरान अलीपुरद्वार, कटिहार और डालखोला क्षेत्र में ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों से अवैध रूप से ले जाई जा रही शराब की कई लावारिस खेप बरामद की गई। वहीं, अगरतला रेलवे स्टेशन पर अलग-अलग अभियानों में 16 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त किया गया। बरामद सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को सौंप दिया गया।

इसी दिन आरपीएफ ने टिकटिंग अनियमितताओं और चोरी से जुड़े मामलों में संलिप्त आरोपियों को भी हिरासत में लिया। इसके अलावा रंगापाड़ा और न्यू बोंगाईगांव रेलवे स्टेशनों पर विशेष रेस्क्यू अभियान चलाकर कई नाबालिगों को सुरक्षित बचाया गया और उनकी देखभाल व पुनर्वास के लिए चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सुपुर्द किया गया।

मानवीय पहल के तहत नाबालिगों को सुरक्षित पहुंचाया

26 मई को भी आरपीएफ की मानवीय पहल जारी रही। गुवाहाटी, सिलचर, न्यू बोंगाईगांव और डिब्रूगढ़ रेलवे स्टेशनों से कई नाबालिगों को रेस्क्यू किया गया। चाइल्ड वेलफेयर कमेटी और बाल सहायता एजेंसियों के सहयोग से सभी बच्चों की सुरक्षित अभिरक्षा सुनिश्चित की गई।

रेलवे भूमि से हटाया अतिक्रमण

रेल परिचालन की सुरक्षा और संरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 26 मई को आरपीएफ ने रेलवे के इंजीनियरिंग अधिकारियों के साथ मिलकर अमिनगांव इको पार्क क्षेत्र में रेलवे भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान रेलवे भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की गई।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि आरपीएफ निरंतर निगरानी, समन्वित अभियान और जन-सुरक्षा पहलों के माध्यम से सुरक्षित, संरक्षित और यात्री-अनुकूल रेल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।