तुफानगंज से रुद्रपुर सिटी तक पहली बार मक्का की रैक, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे को 30 लाख रुपये से अधिक राजस्व

तुफानगंज से रुद्रपुर सिटी तक पहली बार मक्का की रैक, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे को 30 लाख रुपये से अधिक राजस्व

मालीगांव। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने माल परिवहन के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार मंडल के अंतर्गत तुफानगंज स्टेशन से उत्तराखंड के रुद्रपुर सिटी स्टेशन तक पहली बार मक्का की सफल लोडिंग कर रेलवे ने कृषि उत्पादों के परिवहन में नई पहल की है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार 27 मई 2026 को तुफानगंज स्टेशन से रुद्रपुर सिटी के लिए कुल 1310.4 टन मक्का लोड किया गया। इस परिवहन से रेलवे को 30.20 लाख रुपये से अधिक का माल राजस्व प्राप्त हुआ।

एनएफआर ने मई 2026 के दौरान मक्का लोडिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज की हैं। 15 मई को तुफानगंज स्टेशन से बठिंडा के लिए मक्का की एक रैक भेजी गई थी। इसके बाद 21 मई को तुफानगंज से खेमकरण के लिए एक और रैक रवाना की गई। वहीं 26 मई को फालाकाटा स्टेशन से खड़गपुर के लिए मक्का की एक रैक लोड की गई। इन तीनों रैक के संचालन से रेलवे को कुल लगभग 90.19 लाख रुपये का माल राजस्व प्राप्त हुआ।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस नई माल परिवहन सेवा से कृषि आपूर्ति श्रृंखला को मजबूती मिलेगी तथा विभिन्न राज्यों के बीच व्यापारिक संपर्क और बेहतर होंगे। साथ ही रेलवे कृषि उत्पादों के परिवहन के लिए एक विश्वसनीय, किफायती और पर्यावरण-अनुकूल माध्यम के रूप में अपनी भूमिका को और सशक्त कर रहा है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे किसानों, व्यापारियों और कारोबारी समुदाय को बेहतर लॉजिस्टिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। रेलवे का मानना है कि ऐसी पहलें न केवल माल परिवहन को बढ़ावा देंगी, बल्कि क्षेत्रीय आर्थिक विकास और रेलवे की माल ढुलाई क्षमता को भी नई गति प्रदान करेंगी।

कपिंजल किशोर शर्मा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी