रामगंगा नदी में डूबने से दो किशोरों की मौत, समोसा खाने की बात कहकर घर से निकले थे, दोनों के पिता हरदोई के रूपापुर चीनी मिल में है कार्यरत

हरदोई। रूपापुर चीनी मिल में कार्यरत दो अधिकारियों के पुत्रों की रामगंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। रविवार सुबह सर्च अभियान के दौरान दोनों किशोरों के शव बरामद कर लिए गए।
जानकारी के अनुसार, रूपापुर चीनी मिल के केन विभाग में तैनात दिवाकर विक्रम का पुत्र उत्कर्ष (18) और अकाउंट विभाग में कार्यरत अमन श्रीवास्तव का पुत्र सर्वज्ञ (16) अपने मित्र काव्य (15) के साथ शनिवार शाम घर से कैंटीन में समोसा खाने की बात कहकर निकले थे। तीनों दोस्त स्कूटी से शाहजहांपुर-फर्रुखाबाद सीमा पर स्थित रामगंगा नदी पहुंच गए।
बताया जाता है कि हुल्लापुर-फर्रुखाबाद मार्ग स्थित रामगंगा पुल के पास नहाते समय सर्वज्ञ गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में उत्कर्ष भी नदी में उतर गया, लेकिन दोनों तेज धारा में बह गए। उनके साथ मौजूद काव्य ने एक राहगीर के मोबाइल से परिजनों को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन और रूपापुर चीनी मिल के महाप्रबंधक संजीव तोमर मौके पर पहुंचे। देर रात पीएसी की फ्लड रेस्क्यू टीम भी पहुंची, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान शुरू नहीं हो सका। रविवार सुबह साढ़े छह बजे शुरू हुए सर्च ऑपरेशन में दोनों किशोरों के शव बरामद कर लिए गए।
उत्कर्ष ने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और कोटा में कोचिंग की तैयारी कर रहा था, जबकि सर्वज्ञ कक्षा 11 का छात्र था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।