रौतारा में हाई-टेक लॉन्ड्री शुरू, यात्रियों को मिलेंगे और स्वच्छ बेडरोल

रौतारा में हाई-टेक लॉन्ड्री शुरू, यात्रियों को मिलेंगे और स्वच्छ बेडरोल

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कटिहार मंडल के रौतारा में अत्याधुनिक हाई-टेक बूट लॉन्ड्री सुविधा शुरू की है। प्रतिदिन 24 टन क्षमता वाली यह आधुनिक लॉन्ड्री कटिहार मंडल की लिनेन साफ-सफाई व्यवस्था को पूरी तरह सक्षम बनाएगी और व्यस्ततम यात्रा सीजन में भी यात्रियों को स्वच्छ एवं साफ बेडरोल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करेगी।नई लॉन्ड्री सुविधा से आम्रपाली एक्सप्रेस एवं चंपारण हमसफर एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले लिनेन की धुलाई और आपूर्ति की जाएगी। अत्याधुनिक स्वचालित मशीनों से लैस यह प्रणाली 100 प्रतिशत दाग-मुक्त धुलाई सुनिश्चित करती है, जिससे यात्रियों को अधिक आरामदायक और स्वच्छ यात्रा अनुभव मिलेगा।

पूर्णतः मशीनीकृत इस लॉन्ड्री में बड़ी मात्रा में लिनेन को कुशलतापूर्वक साफ करने के साथ पानी, बिजली, भाप और रसायनों के उपयोग को भी संतुलित ढंग से नियंत्रित किया जाता है। धुलाई प्रक्रिया में स्वचालित कन्वेयर सिस्टम, टनल बैच वॉशर, रोबोटिक फीडिंग सिस्टम, हाइड्रोलिक प्रेसिंग यूनिट और इंडस्ट्रियल ड्रायर जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है।इसके अलावा लिनेन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक इस्त्री एवं ऑटोमैटिक फोल्डिंग मशीनों के साथ ?व्हाइटनेस मीटर? का भी उपयोग किया जाता है, जिससे यात्रियों तक केवल उच्च गुणवत्ता वाले साफ-सुथरे बेडरोल ही पहुंचें। अंत में लिनेन सेट को व्यवस्थित रूप से पैक कर संबंधित ट्रेनों में भेजा जाता है।पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे में वर्तमान में कुल आठ मशीनीकृत लॉन्ड्री कार्यरत हैं। साथ ही कामाख्या स्थित लॉन्ड्री की क्षमता भी 4 टन से बढ़ाकर 6 टन कर दी गई है, जिससे यात्रियों की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने में रेलवे को और मजबूती मिलेगी।मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि रौतारा में यह आधुनिक लॉन्ड्री सुविधा शुरू होने से यात्रियों को स्वच्छता, आराम और बेहतर ऑनबोर्ड सेवाओं का लाभ मिलेगा तथा रेलवे की सेवा गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।