रमाडा होटल के कर्मचारी पर ग्राहकों का गोपनीय डेटा चोरी करने का आरोप, दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज

बरेली। शहर के सिविल लाइंस स्थित रमाडा एन्कोर होटल में ग्राहकों के गोपनीय डेटा और व्यावसायिक रिकॉर्ड की कथित चोरी का मामला सामने आया है। होटल प्रबंधन ने आरोप लगाया है कि एक कर्मचारी नौकरी छोड़ने से पहले महत्वपूर्ण डेटा अपने साथ ले गया और सिस्टम से कई फाइलें भी डिलीट कर दीं। मामले में बारादरी थाने में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। होटल के एचआर पवन जोशी के अनुसार, होटल में कार्यरत कर्मचारी फरीद खान 13 मई को बिना सूचना दिए नौकरी छोड़कर चला गया। इसके बाद जब होटल के कंप्यूटर सिस्टम और ऑनलाइन रिकॉर्ड की जांच की गई तो पता चला कि ग्राहकों की गोपनीय जानकारी, व्यावसायिक रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण डेटा गायब है। प्रबंधन का आरोप है कि आरोपी ने होटल के सिस्टम से कई फाइलें डिलीट भी कर दीं, ताकि डेटा दोबारा प्राप्त न किया जा सके। शिकायत में कहा गया है कि यह कृत्य सुनियोजित तरीके से किया गया और इसमें एक अन्य व्यक्ति की भी भूमिका हो सकती है। एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि डेटा चोरी के बाद आरोपी ने दूसरे होटल में नौकरी के लिए साक्षात्कार दिया और उसकी भर्ती प्रक्रिया भी शुरू हो गई थी। होटल प्रबंधन का कहना है कि इस घटना से संस्थान को आर्थिक, व्यावसायिक और प्रतिष्ठागत नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है।