बिलासपुर मंडल में नाका टिकट चेकिंग अभियान जारी, 609 मामलों में 4 लाख से अधिक जुर्माना वसूला

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल द्वारा बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष नाका टिकट चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य टिकटधारी यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यात्रा सुविधा प्रदान करना तथा यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करना है।प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक विजय कुमार के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान 21 मई से 14 जून 2026 तक संचालित किया जा रहा है।इसी क्रम में 28 मई 2026 को सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री डी. एस. चौहान के नेतृत्व में बिलासपुर स्टेशन पर विशेष नाका टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक, टिकट जांच कर्मचारी (टीटीई) तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।इस दौरान बिलासपुर स्टेशन एवं यहां से गुजरने वाली 25 ट्रेनों की सघन जांच की गई। जांच अभियान में कुल 609 मामलों में 4 लाख 2 हजार 610 रुपये का जुर्माना वसूला गया।रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बिना टिकट यात्रा के 417 मामलों से 3 लाख 7 हजार 800 रुपये, अनियमित टिकट के 180 मामलों से 93 हजार 610 रुपये तथा बिना बुक किए गए लगेज के 12 मामलों से 1 हजार 200 रुपये जुर्माना वसूला गया।रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि सुरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा के लिए सदैव उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा स्टेशन परिसर में प्रवेश से पहले प्लेटफॉर्म टिकट अवश्य लें। रेलवे ने यह भी कहा कि रेलवे देश की अमूल्य राष्ट्रीय धरोहर है और इसकी स्वच्छता, सुरक्षा एवं गरिमा बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।