31 मई को सेंट्रल रेलवे का मेगा ब्लॉक, लोकल सेवाएं रहेंगी प्रभावित

मुंबई। सेंट्रल रेलवे के मुंबई मंडल द्वारा रविवार 31 मई 2026 को उपनगरीय रेलखंडों पर विभिन्न इंजीनियरिंग एवं रखरखाव कार्यों के लिए मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक मुख्य लाइन पर सीएसएमटी-विध्याविहार अप एवं डाउन स्लो लाइनों तथा हार्बर लाइन पर कुर्ला-वाशी अप एवं डाउन हार्बर लाइनों पर संचालित रहेगा।

रेलवे प्रशासन के अनुसार मुख्य लाइन पर सीएसएमटी से विध्याविहार के बीच अप एवं डाउन स्लो लाइन पर सुबह 10:55 बजे से दोपहर 3:55 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान डाउन स्लो लाइन की सेवाएं, जो सीएसएमटी मुंबई से सुबह 10:48 बजे से दोपहर 3:45 बजे के बीच रवाना होंगी, उन्हें डाउन फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। ये ट्रेनें भायखला, परेल, दादर, माटुंगा, सायन और कुर्ला स्टेशनों पर रुकेंगी।

इसी प्रकार अप स्लो लाइन की सेवाएं, जो घाटकोपर से सुबह 10:19 बजे से दोपहर 3:52 बजे के बीच रवाना होंगी, उन्हें विध्याविहार से सीएसएमटी के बीच अप फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। ब्लॉक अवधि में मस्जिद, सैंडहर्स्ट रोड, चिंचपोकली और करी रोड स्टेशनों पर अप एवं डाउन दोनों दिशाओं में ट्रेनें नहीं रुकेंगी।

हार्बर लाइन पर कुर्ला-वाशी अप एवं डाउन हार्बर लाइन पर सुबह 11:10 बजे से शाम 4:10 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा। इस दौरान सीएसएमटी से वाशी, बेलापुर और पनवेल के लिए सुबह 10:34 बजे से दोपहर 3:36 बजे तक चलने वाली सेवाएं तथा पनवेल, बेलापुर और वाशी से सीएसएमटी के लिए सुबह 10:17 बजे से दोपहर 3:47 बजे तक चलने वाली सेवाएं निरस्त रहेंगी।

ब्लॉक अवधि के दौरान सीएसएमटी-कुर्ला और वाशी-पनवेल के बीच विशेष लोकल सेवाएं चलाई जाएंगी। साथ ही यात्रियों को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक ठाणे-वाशी/नेरुल मार्ग से यात्रा करने की अनुमति दी गई है।

सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला ने बताया कि यह मेगा ब्लॉक रेलवे अवसंरचना के रखरखाव और सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक है। यात्रियों से असुविधा के लिए सहयोग की अपील की गई है।