रेलवे और उद्योगों के बीच बढ़ा समन्वय, फिरोजपुर मंडल की बीडीयू टीम ने होशियारपुर में की अहम बैठक

फिरोजपुर। रेलवे के माल यातायात व्यवसाय को बढ़ावा देने और उद्योगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में फिरोजपुर मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में 28 मई 2026 को होशियारपुर में रिलायंस इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड एवं सेंचुरी प्लाईबोर्ड्स (इंडिया) लिमिटेड के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में रिलायंस इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड की ओर से प्लांट हेड राजेश अरोड़ा तथा सेंचुरी प्लाईबोर्ड्स (इंडिया) लिमिटेड की ओर से प्लांट हेड अनूप शर्मा उपस्थित रहे। रेलवे की ओर से वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) परमदीप सिंह सैनी एवं वाणिज्य निरीक्षक नितेश शर्मा ने सहभागिता की।

बैठक के दौरान रेलवे द्वारा उद्योगों को उपलब्ध कराई जा रही आधुनिक माल ढुलाई सुविधाओं, समयबद्ध रेक उपलब्धता, लोडिंग-अनलोडिंग व्यवस्था तथा माल परिवहन को अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही भविष्य में फ्रेट ट्रैफिक बढ़ाने की संभावनाओं और उद्योगों की आवश्यकताओं पर भी सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) परमदीप सिंह सैनी ने कहा कि भारतीय रेलवे उद्योगों को सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने उद्योग जगत से अधिक से अधिक माल परिवहन रेलवे के माध्यम से करने की अपील की।

बैठक में उद्योग प्रबंधन ने भी रेलवे के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखने और भविष्य में माल यातायात बढ़ाने में सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया। इस पहल को रेलवे और उद्योगों के बीच मजबूत साझेदारी की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।