फिरोजपुर मंडल में डिजिटल भुगतान को बढ़ावा, यात्रियों को मिल रही आधुनिक सुविधाएं

फिरोजपुर। भारतीय रेल द्वारा कैशलेस और डिजिटल इंडिया अभियान को बढ़ावा देने के क्रम में फिरोजपुर मंडल लगातार डिजिटल भुगतान प्रणाली को मजबूत कर रहा है। मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट काउंटरों के साथ-साथ पार्सल कार्यालयों में भी डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।अब यात्री यूपीआई, क्यूआर कोड स्कैन तथा अन्य डिजिटल माध्यमों से आसानी और सुरक्षित तरीके से भुगतान कर रहे हैं। स्टेशनों पर क्यूआर कोड आधारित भुगतान व्यवस्था शुरू होने से टिकट खरीदने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल, तेज और पारदर्शी हो गई है। इससे खुले पैसे की समस्या में कमी आई है और यात्रियों का समय भी बच रहा है।रेलवे अधिकारियों के अनुसार डिजिटल तकनीक को बढ़ावा देकर यात्रियों को आधुनिक और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। डिजिटल भुगतान प्रणाली के विस्तार से रेलवे कार्यप्रणाली में पारदर्शिता भी बढ़ी है।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने यात्रियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक डिजिटल भुगतान का उपयोग करें और भारतीय रेल के कैशलेस अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें।