एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत प्रयागराज मंडल कार्यालय में हुआ वृक्षारोपण

प्रयागराज। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर प्रयागराज मंडल में चलाए जा रहे विशेष पर्यावरण अभियान के तहत शुक्रवार को मंडल कार्यालय परिसर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में 15 मई से 5 जून 2026 तक क्लाइमेट चेंज थीम पर पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।रेल प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य हरित वातावरण को बढ़ावा देना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना तथा रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाना है। अभियान के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों एवं कार्यालय परिसरों में स्वच्छता, जल संरक्षण, प्लास्टिक उन्मूलन, ऊर्जा संरक्षण एवं सतत जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।रेलवे प्रशासन द्वारा मिशन लाइफ एवं विश्व पर्यावरण दिवस-2026 थीम के तहत पोस्टर, बैनर एवं डिजिटल माध्यमों से जलवायु परिवर्तन और सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलायी जा रही है। यात्रियों एवं कर्मचारियों को पुनः उपयोग योग्य बोतलों, बैग एवं कंटेनरों के उपयोग तथा डिजिटल टिकटिंग एवं पेपरलेस यात्रा के लिए प्रेरित किया जा रहा है।इसके अलावा स्टेशनों पर विशेष स्वच्छता अभियान, कचरा पृथक्करण एवं उचित निस्तारण को बढ़ावा दिया जा रहा है। रेलवे परिसरों में प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों की समीक्षा, जल पुनर्भरण केंद्रों का निरीक्षण तथा पर्यावरण अनुकूल उत्पादों के उपयोग को प्रोत्साहित किया जा रहा है।प्रयागराज मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। वहीं वन स्टेशन वन प्रोडक्ट योजना के माध्यम से कपड़े एवं जूट के बैग सहित पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है।यह जानकारी जनसंपर्क अधिकारी प्रयागराज मंडल अमित कुमार सिंह ने दी।