सूरतगढ़-लालगढ़ रेलखंड पर आरसीसी बॉक्स लॉन्चिंग कार्य, कई ट्रेनें प्रभावित

उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा बीकानेर मंडल के सूरतगढ़-लालगढ़ रेलखंड पर लूनकरनसर-दुलमेरा स्टेशनों के मध्य आरसीसी बॉक्स डालने के लिए ब्लॉक लिया जा रहा है। इस कार्य के चलते रेल यातायात प्रभावित रहेगा तथा कई रेलसेवाओं को आंशिक रद्द, मार्ग परिवर्तित एवं रीशेड्यूल किया गया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि रेलवे द्वारा यात्रियों की सुरक्षा एवं बेहतर आधारभूत संरचना के विकास को ध्यान में रखते हुए यह कार्य किया जा रहा है। ब्लॉक अवधि के दौरान निम्न रेलसेवाएं प्रभावित रहेंगी।

आंशिक रद्द रेलसेवा

गाड़ी संख्या 22997, झालावाड़ सिटी-श्रीगंगानगर रेलसेवा, जो 28 जून 2026 को झालावाड़ सिटी से प्रस्थान करेगी, वह केवल बीकानेर तक ही संचालित होगी। इस कारण यह रेलसेवा बीकानेर से श्रीगंगानगर के मध्य आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

मार्ग परिवर्तित रेलसेवा

गाड़ी संख्या 14707, हनुमानगढ़-दादर रेलसेवा, जो 19 जून 2026 को हनुमानगढ़ से प्रस्थान करेगी, परिवर्तित मार्ग हनुमानगढ़-सादुलपुर-रतनगढ़-डेगाना-मेडता रोड होकर संचालित होगी।

परिवर्तित मार्ग में यह ट्रेन एलनाबाद, नोहर, सादुलपुर, चूरू, रतनगढ़ एवं डेगाना स्टेशनों पर ठहराव करेगी। वहीं मार्ग परिवर्तन के कारण यह ट्रेन पीलीबंगा, सूरतगढ़, लूनकरनसर, लालगढ़, बीकानेर, देशनोक, नोखा, नागौर एवं मारवाड़ मूंडवा स्टेशनों पर ठहराव नहीं करेगी।

रीशेड्यूल रेलसेवाएं

गाड़ी संख्या 54702, लालगढ़-अबोहर रेलसेवा 29 जून 2026 को लालगढ़ से अपने निर्धारित समय से 1 घंटे देरी से प्रस्थान करेगी।

गाड़ी संख्या 19720, सूरतगढ़-जयपुर रेलसेवा 29 जून 2026 को सूरतगढ़ से 45 मिनट देरी से रवाना होगी।

गाड़ी संख्या 14887, ऋषिकेश-बाड़मेर रेलसेवा 28 जून 2026 को ऋषिकेश से अपने निर्धारित समय से 1 घंटा 30 मिनट देरी से प्रस्थान करेगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।