पीलीभीत में महिला का आरोपः खुद को पत्रकार बताने वाले युवक ने बेटी को वापस दिलाने के नाम पर ठगे ₹40 हजार, छेड़छाड़ और मारपीट का भी आरोप

पीलीभीत में महिला का आरोपः खुद को पत्रकार बताने वाले युवक ने बेटी को वापस दिलाने के नाम पर ठगे ₹40 हजार, छेड़छाड़ और मारपीट का भी आरोप

रिपोर्ट- गुरदीप सिंह संवाददाता सिटी अपडेट न्यूज पीलीभीत

पीलीभीत में एक महिला ने खुद को पत्रकार बताने वाले व्यक्ति पर ठगी, छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि बेटी को वापस दिलाने और समझौता कराने के नाम पर आरोपी ने हजारों रुपये ऐंठ लिए, लेकिन कोई मदद नहीं की। अब पीड़िता ने पुलिस से FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पूरनपुर तहसील क्षेत्र के थाना हजारा इलाके की रहने वाली ज्ञान कौर पत्नी सुरेंद्र सिंह ने थाना प्रभारी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उसकी बेटी को एक युवक प्रेमजाल में फंसाकर ले गया था, जिसकी FIR पहले से दर्ज है। पीड़िता का आरोप है कि इसी मामले में RSK News india tv से जुड़े बताए जा रहे पत्रकार राजप्रीत से सिंह उनके घर पहुंचे और लड़की को वापस लाने व फैसला कराने का भरोसा दिया। इसके बदले आरोपी ने 50 हजार रुपये की मांग की, जिसमें से 40 हजार रुपये महिला ने किसी तरह देकर व्यवस्था की। महिला का कहना है कि काफी समय बीत जाने के बाद भी आरोपी ने कोई फैसला नहीं कराया। आरोप है कि उसने दूसरी पार्टी से भी पैसे ले लिए और फर्जी राजीनामा बनाकर दे दिया। पीड़िता ने आगे आरोप लगाया कि 27 मई 2026 की रात करीब 10 बजे आरोपी फिर उसके घर पहुंचा और 10 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ छेड़छाड़, मारपीट और कपड़े फाड़ने जैसी हरकत की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गया। महिला का आरोप है कि आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा है और रास्ता भी रोकता है। फिलहाल पीड़िता ने पुलिस से मामले में FIR दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।।