माधोटांडा–पीलीभीत मार्ग पर पुलिया निर्माण के लिए बनाई गई डायवर्जन की बदहाल स्थिति, राहगीर परेशान

पीलीभीत। माधोटांडा?पीलीभीत मुख्य मार्ग पर रिछोला के पास पुलिया निर्माण कार्य के चलते बनाया गया अस्थायी डायवर्जन इन दिनों खस्ताहाल स्थिति में है। सड़क की खराब हालत के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला अध्यक्ष गुरदीप सिंह गोगी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि डायवर्जन मार्ग पर गड्ढे, कीचड़ और ऊबड़-खाबड़ रास्ते के कारण वाहन चालकों को आवागमन में काफी दिक्कत हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं, लेकिन डायवर्जन की स्थिति इतनी खराब है कि दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बरसात या नमी के समय हालात और भी बिगड़ जाते हैं, जिससे फिसलन बढ़ जाती है।

भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिला अध्यक्ष गुरदीप सिंह गोगी ने प्रशासन से मांग की है कि डायवर्जन मार्ग को जल्द से जल्द दुरुस्त कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और किसी भी बड़ी दुर्घटना से बचाव हो सके। निर्माणाधीन पुलिया के निर्माण को जल्द पूरा किया जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।