बनगांव में बी.आर. सिंह अस्पताल का मेगा स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी मुफ्त परामर्श सेवाएं

कोलकाता। स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए बी.आर. सिंह अस्पताल, सियालदह द्वारा बनगांव हेल्थ यूनिट में मेगा बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श प्राप्त किया।इस स्वास्थ्य शिविर में कार्डियोलॉजी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र चिकित्सा तथा दंत शल्य चिकित्सा विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। शिविर के दौरान लोगों को विभिन्न बीमारियों से बचाव, समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति भी जागरूक किया गया।विशेष बात यह रही कि इस शिविर का लाभ केवल कार्यरत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि संविदा कर्मचारियों को भी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इस पहल की लोगों ने खूब सराहना की और इसे समावेशी स्वास्थ्य सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।अस्पताल प्रशासन ने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को हर वर्ग तक पहुंचाना और जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। शिविर के सफल आयोजन में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की अहम भूमिका रही।