सियालदह मंडल का सघन टिकट जांच अभियान, 441 यात्री पकड़े गए ₹1.26 लाख से अधिक का जुर्माना वसूला गया

सियालदह मंडल का सघन टिकट जांच अभियान, 441 यात्री पकड़े गए

₹1.26 लाख से अधिक का जुर्माना वसूला गया

कोलकाता। रेल यात्रा में अनुशासन बनाए रखने और जिम्मेदार यात्रा संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सियालदह मंडल द्वारा पार्क सर्कस एवं सियालदह स्टेशन पर विशेष सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रेलवे अधिकारियों ने नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 441 यात्रियों को पकड़ा।

रेलवे के अनुसार जांच में 412 यात्री बिना वैध टिकट यात्रा करते पाए गए। वहीं 19 यात्री बिना बुक किए सामान के साथ पकड़े गए तथा 10 मामलों में थूकने (स्पिटिंग) का अपराध दर्ज किया गया। रेलवे नियमों के तहत इन सभी मामलों में कुल ₹1,26,840/- का जुर्माना वसूला गया।

मंडल प्रशासन ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि यात्रियों विशेषकर युवाओं में नागरिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। अधिकारियों ने कहा कि वैध टिकट लेकर यात्रा करना केवल कानूनी आवश्यकता नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक होने का प्रतीक भी है।

सियालदह मंडल ने यात्रियों से अपील की कि वे गर्व के साथ यात्रा करें संदेश को अपनाएं और बिना टिकट यात्रा से बचें। रेलवे प्रशासन ने कहा कि वैध टिकट से मिलने वाली मानसिक शांति, बिना टिकट यात्रा के जोखिम और परेशानी से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है।

मंडल ने विशेष रूप से छात्रों और युवा पेशेवरों से आग्रह किया कि वे रेलवे व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करें और नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं अनुशासित यात्रा सुनिश्चित करें।