हरदोई में भाईचारे के साथ मनाई जा रही ईद-उल-अजहा, मौलाना ने नमाज़ के बाद मुल्क में अमन-चैन के लिए की दुआ, सभी से बंद स्थानों पर कुर्बानी करने की अपील

हरदोई। जिलेभर में ईद-उल-अजहा का पर्व गुरुवार से पूरे उत्साह, भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जा रहा है। ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा कर लोगों ने देश में अमन-चैन, तरक्की और आपसी सौहार्द की दुआ मांगी। जनपद की करीब 100 ईदगाहों और 386 मस्जिदों में नमाज अदा की गई।
त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। डीएम और एसपी ने शहर समेत विभिन्न क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों व प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में जिलेभर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। ईद उल अजहा का तीन दिवसीय त्यौहार गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार तक मनाया जाएगा।
बावन, बिलग्राम, मल्लावां, माधोगंज, संडीला, कछौना, गोपामऊ, शाहाबाद, पाली और सांडी समेत जिले के विभिन्न कस्बों में नमाज अदा की गई। बावन कस्बे में मौलाना सैयद याहया ने ईद की नमाज पढ़ाई और लोगों से कुर्बानी बंद स्थानों पर करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई कार्य न किया जाए, जिससे किसी को असुविधा हो और भाईचारे का माहौल प्रभावित हो।
सैयद हाफिज उबैदुल्ला ने भी लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी न करने तथा केवल चिन्हित स्थानों पर ही कुर्बानी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि खुले स्थान पर कुर्बानी करनी पड़े तो उस स्थान को कपड़े आदि से ढककर ही प्रक्रिया पूरी करें।
इस दौरान मौलाना जावेद साहब, कारी असजद मियां, मौलाना सैयद हमजा, इशहाक खान, शकूर खान, सैयद अनीसुल हसन, हमीद अहमद पप्पू मंसूरी, नौशाद खान, अशफाक खान और फहीम कुरैशी समेत बड़ी संख्या में नमाजी मौजूद रहे।