प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर शुरू हुई बैटरी कार सेवा, बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों को बड़ी राहत

प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर शुरू हुई बैटरी कार सेवा, बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों को बड़ी राहत

प्रयागराज मंडल ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशन पर बैटरी संचालित कार सेवा की शुरुआत की है। इस नई सुविधा से अब यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक जाने और स्टेशन परिसर से बाहर निकलने में काफी आसानी होगी। खासतौर पर बुजुर्ग, दिव्यांग, बीमार तथा छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका विशेष लाभ मिलेगा।मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) हरिमोहन के प्रयासों से यह यात्री हितैषी सुविधा शुरू की गई है। प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर लगातार बढ़ रही यात्री संख्या को देखते हुए लंबे समय से इस सेवा की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।रेल प्रशासन के अनुसार बैटरी कार सेवा पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल और सुरक्षित तरीके से संचालित की जाएगी। इस सेवा का संचालन बालाजी भगवत प्रोजेक्ट लिमिटेड, सुल्तानपुर द्वारा आगामी पांच वर्षों तक किया जाएगा। यात्रियों के लिए प्रति ट्रिप किराया ₹50 निर्धारित किया गया है, जबकि पूरी बैटरी कार बुक करने पर ₹150 शुल्क देना होगा।रेल प्रशासन का कहना है कि यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। स्टेशन पर शुरू की गई यह नई सेवा यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। यात्रियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे बेहद उपयोगी बताया है।प्रयागराज मंडल ने भविष्य में भी यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर यात्रा अनुभव के लिए इसी तरह नई एवं जनहितकारी सेवाएं शुरू करने की बात कही है।