आग से सुरक्षा का अभ्यास, डीएफसीसीआईएल ने दिखाई तत्परता प्रयागराज परिचालन नियंत्रण केंद्र में अग्नि सुरक्षा मॉक ड्रिल का सफल आयोजन

Dedicated Freight Corridor Corporation of India Limited के प्रयागराज स्थित अत्याधुनिक परिचालन नियंत्रण केंद्र में स्थानीय अग्निशमन सेवा प्रयागराज के सहयोग से व्यापक अग्नि सुरक्षा अभ्यास का सफल आयोजन किया गया। यह अभ्यास महाप्रबंधक सुरक्षा आशीष मिश्रा के आवाहन पर आयोजित हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षित निकासी तथा अग्निशमन उपकरणों के प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करना था।अभ्यास के दौरान आपातकालीन चेतावनी अलार्म बजते ही पूरे परिसर में त्वरित प्रतिक्रिया प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई। अग्निशमन टीम ने विशेष रूप से विद्युत उपकरणों एवं ज्वलनशील पदार्थों से लगने वाली आग पर नियंत्रण पाने के व्यावहारिक तरीके बताए। खुले परिसर में गैस एवं सूखा रासायनिक चूर्ण आधारित अग्निशामक यंत्रों का जीवंत प्रदर्शन भी किया गया।कर्मचारियों को भवन से सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से बाहर निकालने का अभ्यास कराया गया। साथ ही आग अथवा धुएं से प्रभावित व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार देने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान की गईं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वयं अग्निशामक यंत्रों का उपयोग कर प्रशिक्षण प्राप्त किया।अग्निशमन सेवा प्रयागराज की टीम ने परिचालन नियंत्रण केंद्र परिसर में उपलब्ध अग्नि जल प्रणाली एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए भविष्य में सुरक्षा मानकों को और अधिक मजबूत बनाए रखने के सुझाव दिए।मुख्य महाप्रबंधक प्रयागराज आनंद भूषण शरण ने कहा कि इस प्रकार के नियमित सुरक्षा अभ्यास कर्मचारियों में जागरूकता एवं आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करते हैं।प्रशिक्षण कार्यक्रम में अग्निशमन सेवा प्रयागराज के अग्निशमन कर्मी एवं प्रशिक्षक रविभान उपाध्याय तथा नसीमुद्दीन का विशेष योगदान रहा। वहीं डीएफसीसीआईएल सुरक्षा टीम से अखिलेश कुमार तिवारी, निरीक्षक/रेल सुरक्षा बल/डीएफसीसीआईएल, सुजीत कुमार राय, पवन दुबे तथा रेल सुरक्षा बल सूबेदारगंज टीम ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस अवसर पर महाप्रबंधक विद्युत शशिकांत द्विवेदी, उप मुख्य परियोजना प्रबंधक मनुज सारस्वत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।