महोबा की घटना और टैक्सी चालक से मारपीट के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन, बोले- कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे बड़ा प्रदर्शन

हरदोई। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी हरदोई ने महोबा जनपद में दलित छात्रा के साथ हुई अमानवीय घटना तथा बिलग्राम-मल्लावां क्षेत्र में टैक्सी चालक आलोक मिश्रा के साथ हुई मारपीट और कथित रंगदारी की घटना के विरोध में कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपते हुए दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडे ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं, दलितों और आम नागरिकों की सुरक्षा खतरे में है। अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो चुका है और सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि महोबा और बिलग्राम-मल्लावां की घटनाएं बेहद शर्मनाक हैं। यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी।
ज्ञापन में दोनों मामलों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, पीड़ितों को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष अजय सिंह, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन सिंह, उमा राजवंशी, शरीफ अहमद, आशीष पाल, अजीत विशाल, इस्लाम गाजी, रामनरेश अर्कवंशी, रूपलाल कोरी, विनोद यादव, हसन अहमद, मुकेश वर्मा, अनूप सिंह, लतीफ अहमद, मोहम्मद तौफीक समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।