जम्मू कश्मीर की चेरी ने पकड़ी सुपरफास्ट रफ्तार, सीनियर डीसीएम उचित सिंघल की पहल बनी चर्चा का विषय

पहली चेरी पार्सल वैन जम्मू से बांद्रा के लिए रवाना, किसानों और व्यापारियों को मिलेगा बड़ा लाभ

जम्मू। उत्तर रेलवे ने कृषि उत्पादों के तेज और सुरक्षित परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पहली चेरी पार्सल वैन को ट्रेन संख्या 19028 के माध्यम से जम्मू से बांद्रा के लिए सफलतापूर्वक रवाना किया। इस पहल से जम्मू-कश्मीर के चेरी उत्पादकों, किसानों और व्यापारियों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।सीनियर डीसीएम उचित सिंघल ने जानकारी देते हुए बताया कि चेरी जैसे जल्दी खराब होने वाले फलों को समय पर बड़े बाजारों तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह विशेष व्यवस्था की गई है। पार्सल वैन के माध्यम से चेरी को सुरक्षित एवं त्वरित तरीके से मुंबई सहित पश्चिम भारत के प्रमुख बाजारों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सकेगा।उन्होंने कहा कि रेलवे लगातार किसानों और व्यापारियों को सुविधाजनक, किफायती और तेज परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। इस पहल से स्थानीय बागवानों को अपनी उपज देश के बड़े शहरों तक पहुंचाने में आसानी होगी तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।रेलवे अधिकारियों के अनुसार पार्सल सेवा के जरिए फलों के परिवहन में समय की बचत होगी और उत्पाद की गुणवत्ता भी बरकरार रहेगी। पहली खेप के सफल संचालन के बाद भविष्य में ऐसी सेवाओं का विस्तार किए जाने की संभावना भी जताई जा रही है।इस अवसर पर व्यापारियों और किसानों ने रेलवे की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे फल उत्पादकों के लिए बेहद लाभकारी बताया।