यात्रियों का भरोसा बना मजबूत, सीनियर डीसीएम उचित सिंघल की टीम का सराहनीय कार्य

जम्मू मंडल की ईमानदारी और तत्परता बनी मिसाल, यात्रियों का कीमती सामान सुरक्षित लौटाया

उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट यात्री सेवा, ईमानदारी और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए दो अलग-अलग घटनाओं में यात्रियों का कीमती सामान सुरक्षित लौटाकर भरोसे की नई मिसाल कायम की है। चेकिंग स्टाफ और रेलकर्मियों की सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई से यात्रियों को उनका खोया सामान सकुशल वापस मिल सका, जिसके बाद यात्रियों ने भारतीय रेल और जम्मू मंडल के कर्मचारियों का दिल से आभार व्यक्त किया।

पहली घटना 22 मई 2026 की है, जब यात्री पंकज अपने परिवार के साथ ट्रेन संख्या 26404 में कोच C5 की सीट संख्या 55, 56 और 57 पर यात्रा कर रहे थे। श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन पर उतरते समय वे अपना बैग ट्रेन में ही भूल गए। बैग में नकदी सहित अन्य कीमती सामान रखा हुआ था।

यात्री द्वारा टिकट निरीक्षक कार्यालय में सूचना दिए जाने के बाद वंदे भारत ट्रेन के चेकिंग स्टाफ ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए ट्रेन में बैग की तलाश शुरू की। रेलवे कर्मचारियों की मुस्तैदी के चलते बैग अगले स्टेशन जम्मू में सुरक्षित बरामद कर टिकट निरीक्षक कार्यालय में श्री अब्दुल रशीद को सुपुर्द किया गया। सूचना मिलते ही यात्री ने राहत की सांस ली और रेलवे स्टाफ की ईमानदारी एवं तत्परता की सराहना की।

दूसरी घटना 23 मई 2026 की है, जब एक परिवार ट्रेन संख्या 22430 के कोच C1 में बटाला से सरहिंद की यात्रा कर रहा था। यात्रा के दौरान परिवार के बच्चे का एप्पल आईपैड ट्रेन में ही छूट गया। यह आईपैड ट्रेन के कंडक्टर अमरजीत सिंह सीआईटी पठानकोट को मिला, जो एक अंतरराष्ट्रीय एथलीट भी हैं।अमरजीत सिंह ने अपनी जिम्मेदारी और ईमानदारी का परिचय देते हुए तुरंत यात्री परिवार से संपर्क स्थापित किया और 24 मई 2026 को बटाला में यात्री के रिश्तेदारों को आईपैड पूरी तरह सुरक्षित सौंप दिया। इस सराहनीय कार्य के लिए परिवार ने अमरजीत सिंह और भारतीय रेल का हृदय से धन्यवाद किया।इन दोनों घटनाओं ने यह साबित किया है कि भारतीय रेल केवल यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने का माध्यम ही नहीं, बल्कि भरोसे और सुरक्षा का प्रतीक भी है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि जम्मू मंडल यात्री सुरक्षा, संरक्षा और सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि रेलकर्मियों के ऐसे कार्य यात्री सेवा के प्रति उनकी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता को दर्शाते हैं।रेलवे कर्मचारियों की इस संवेदनशीलता और समर्पण ने यात्रियों के दिलों में भारतीय रेल के प्रति विश्वास को और अधिक मजबूत किया है।