ईंटों से भरे ट्रैक्टर ने किसान को कुचला, डॉक्टर ने किया मृत घोषित


मृतक रामनिवास सिंह का फाइल फोटो


अलीगढ़। गोण्डा थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में किसान की मौत हो गई। ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने किसान को कुचल दिया। सुखरावली निवासी निर्भय चैधरी के अनुसार, उनके फूफा रामनिवास सिंह खेत पर नलकूप के पास पानी पी रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई और उन्हें कुचलते हुए निकल गई।हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण घायल 55 वर्षीय रामनिवास सिंह को तुरंत जीवन ज्योति हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। वहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां देर रात डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। परिवार के अनुसार, दो बेटियों और एक बेटे की शादी हो चुकी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों ने ट्रैक्टर चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए गोण्डा थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक हादसे के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।