ट्रेन सेट डिपो सीबीगंज में पर्यावरण जागरूकता संगोष्ठी आयोजित

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल अंतर्गत ट्रेन सेट डिपो, सीबीगंज में विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के तहत पर्यावरण जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार एवं मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। संगोष्ठी का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के प्रति लोगों को जागरूक करना था।कार्यक्रम का संचालन गैर-सरकारी संस्था एक गूँज सेवा समिति के प्रतिनिधियों द्वारा किया गया। संस्था की ओर से पी.पी. सिंह, पूजा दुबे, राहुल दुबे एवं आशा सिंह ने पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। वक्ताओं ने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक उपयोग में कमी, स्वच्छता बनाए रखने तथा वृक्षारोपण के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।संगोष्ठी में यह भी बताया गया कि दैनिक जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास एवं जिम्मेदार व्यवहार पर्यावरण संरक्षण में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। उपस्थित कर्मचारियों को कार्यस्थल एवं घरों में पर्यावरण हितैषी आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ट्रेन सेट) नवीन शर्मा ने जल संरक्षण, विद्युत बचत, वायु एवं ध्वनि प्रदूषण के दुष्प्रभावों तथा उनसे बचाव के उपायों पर विशेष जानकारी दी। वहीं मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ट्रेन सेट) शिवम गुप्ता ने कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों से पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी मानते हुए सक्रिय योगदान देने की अपील की।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। संगोष्ठी में उपस्थित कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाने का संकल्प लिया।