श्रमिकों के सम्मान में आयोजित हुआ भव्य समारोह, 51 रेल कर्मचारियों को किया गया सम्मानित

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल सभागार में गुरुवार को श्रमिक दिवस के उपलक्ष्य में महिला कल्याण समिति द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न विभागों में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के समर्पण, परिश्रम और उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान करना रहा।समारोह में मंडल के विभिन्न विभागों से चयनित कुल 51 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में महिला कल्याण समिति की अध्यक्षा वंदना अग्रवाल उपस्थित रहीं। उन्होंने कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए रेलवे के सुचारु संचालन एवं यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।अपने संबोधन में वंदना अग्रवाल ने कहा कि किसी भी संस्था की सफलता उसके कर्मचारियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण पर आधारित होती है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल की निरंतर प्रगति में प्रत्येक कर्मचारी का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है और कर्मचारियों के अथक प्रयासों से ही रेलवे नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही है।उन्होंने सभी सम्मानित कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि महिला कल्याण समिति सदैव कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध रही है तथा आगे भी ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।कार्यक्रम के दौरान सम्मानित कर्मचारियों में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। कर्मचारियों ने महिला कल्याण समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करते रहने का संकल्प लिया।इस अवसर पर समिति की उपाध्यक्ष गुलशन वारिस, प्रज्ञा दीपक कुमार, वंदना सिंह, सचिव निहारिका सिंह, कोषाध्यक्षा अनुश्री सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।