जम्मू मंडल में 23 मई को लगेगा ‘रोजगार मेला’, 220 युवाओं को मिलेगा नियुक्ति पत्र

जम्मू। प्रधानमंत्री के राष्ट्रव्यापी रोजगार अभियान के तहत उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल द्वारा 23 मई को भव्य रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में पारदर्शी चयन प्रक्रिया से चयनित लगभग 220 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। यह आयोजन जम्मू-कश्मीर के युवाओं के लिए नई उम्मीद और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

उत्तर रेलवे द्वारा आयोजित यह रोजगार मेला केंद्र सरकार के उस महाअभियान का हिस्सा है, जिसके तहत देशभर में योग्य युवाओं को तेजी और निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में शामिल किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत अखिल भारतीय स्तर पर 51,000 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे, जिनमें जम्मू-कश्मीर से 220 अभ्यर्थी शामिल हैं।

रेलवे प्रशासन के अनुसार इस रोजगार मेले को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रशासनिक, तकनीकी और सुरक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के सफल अभ्यर्थी भी इसमें शामिल होंगे। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि और वरिष्ठ अधिकारी चयनित युवाओं को व्यक्तिगत रूप से नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इस अवसर पर नवनियुक्त युवा ?राष्ट्र प्रथम? की भावना के साथ सेवा करने की शपथ भी लेंगे।

इस रोजगार मेले के माध्यम से विभिन्न विभागों में नियुक्तियां दी जाएंगी, जिनमें रेलवे के तकनीकी, गैर-तकनीकी और सुरक्षा श्रेणी के पदों के साथ-साथ डाक विभाग, वित्तीय विभाग, चिकित्सा विभाग और बैंकिंग से जुड़े महत्वपूर्ण पद शामिल हैं।

जम्मू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी पूंजी हैं और जम्मू मंडल इस प्रतिष्ठित रोजगार मेले की मेजबानी कर गौरवान्वित है। उन्होंने कहा कि 23 मई का दिन 220 परिवारों के लिए नई सुबह और नई उम्मीद लेकर आएगा। यह पहल क्षेत्र में आर्थिक स्थिरता और सामाजिक सशक्तिकरण की नींव को और मजबूत करेगी।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि सभी चयनित उम्मीदवारों को ईमेल, एसएमएस और डाक के माध्यम से सूचना भेज दी गई है। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचें, ताकि नियुक्ति प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

उत्तर रेलवे का यह रोजगार मेला न केवल युवाओं के सपनों को साकार करेगा, बल्कि जम्मू-कश्मीर में रोजगार और विकास की दिशा में एक नई ऊर्जा भी पैदा करेगा।

राघवेंद्र सिंह जनसम्पर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल