इज्जतनगर मंडल में आयकर फाइलिंग व निवेश योजना पर सेमिनार

बरेली। इज्जतनगर मंडल रेल प्रबंधक सभाकक्ष में गुरुवार को आयकर फाइलिंग एवं निवेश योजना विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने की। सेमिनार का आयोजन लेखा विभाग द्वारा वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राकेश कुमार भारती के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें मंडल के सभी शाखा अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।सेमिनार में राधेकृष्ण कर परामर्श की ओर से अधिवक्ता सर्वोदय मणि प्रजापति तथा सीए अतुल अग्रवाल ने पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से आईटीआर फाइलिंग, पुरानी एवं नई कर व्यवस्था, बचत एवं निवेश योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। विशेषज्ञों ने कर्मचारियों के वेतन से कटने वाले आयकर और अन्य आय से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की तथा अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर दिए।इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने भी आयकर संबंधी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से समाधान किया गया।कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. यू.एस. नाग, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) भारत भूषण, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अरिजीत सिंह, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं रेल कर्मचारी मौजूद रहे।