साफ मौसम ने बढ़ाई श्रद्धालुओं की खुशियां, वैष्णो देवी यात्रा रही बेहद सुगम.

कटड़ा। मां वैष्णो देवी के भक्तों के लिए मंगलवार का दिन बेहद शुभ और राहत भरा रहा। दिनभर मौसम साफ रहने के कारण कटड़ा से भवन तक की यात्रा पूरी तरह सुगम, आरामदायक और सुरक्षित रही। मौसम अनुकूल होने से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में भक्त जय माता दी के जयकारों के साथ भवन की ओर प्रस्थान करते रहे।सुबह से ही यात्रा पंजीकरण केंद्रों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही। श्रद्धालु लगातार आरएफआईडी कार्ड बनवाकर यात्रा मार्ग पर आगे बढ़ते रहे। यात्रा मार्ग पर श्राइन बोर्ड द्वारा की गई व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारू रहीं, जिससे किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।श्राइन बोर्ड प्रशासन और जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यात्रा मार्ग पर तैनात सुरक्षा बलों एवं संबंधित विभागों के कर्मचारी श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन देने के साथ-साथ हर जरूरत पर सहायता उपलब्ध कराते रहे। मेडिकल यूनिट, आपातकालीन सेवाएं और विश्राम स्थलों पर भी पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं।श्राइन बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 मई को कुल 31,400 श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में हाजिरी लगाई थी। वहीं 19 मई को शाम पांच बजे तक करीब 22,200 श्रद्धालु आरएफआईडी कार्ड प्राप्त कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे।दिनभर देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं का कटड़ा पहुंचना जारी रहा। साफ मौसम के चलते श्रद्धालुओं को हेलिकॉप्टर सेवा, बैटरी कार सेवा, रोपवे केबल कार सेवा सहित अन्य सुविधाएं भी सहज रूप से उपलब्ध रहीं। इसके साथ ही भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और यात्रा मार्ग की निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।श्राइन बोर्ड प्रशासन और स्थानीय प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा नियमों का पालन करें और निर्धारित मार्ग का उपयोग करते हुए यात्रा को शांतिपूर्वक एवं सुरक्षित ढंग से पूर्ण करें। साफ मौसम और बेहतर व्यवस्थाओं के चलते माता वैष्णो देवी की यात्रा भक्तों के लिए एक यादगार और आनंददायक अनुभव बनी रही।