अंबिवली-टिटवाला के बीच 10 दिनों तक विशेष ट्रैफिक व पावर ब्लॉक, कई मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें होंगी नियंत्रित

मुंबई। मध्य रेल द्वारा अंबिवली और टिटवाला स्टेशनों के बीच रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) के नॉन-स्टैंडर्ड स्टील कंपोजिट गर्डर लॉन्चिंग कार्य के लिए 10 दिनों तक विशेष ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक संचालित किया जाएगा। यह कार्य राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा 350 मीट्रिक टन रोड क्रेन की सहायता से अप और डाउन लाइनों पर किया जाएगा।

मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील निला ने बताया कि यह ब्लॉक 21/22 मई 2026 की रात से 30/31 मई 2026 की रात तक प्रतिदिन संचालित किया जाएगा। ब्लॉक का समय रात्रि 01:55 बजे से 03:25 बजे तक निर्धारित किया गया है।

रेलवे द्वारा यह ट्रैफिक ब्लॉक टिटवाला स्टेशन (प्लेटफॉर्म को छोड़कर) से शाहद स्टेशन (प्लेटफॉर्म को छोड़कर) के बीच अप एवं डाउन दोनों लाइनों पर लागू रहेगा। इस अवधि के दौरान कई मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन पर प्रभाव पड़ेगा और कुछ ट्रेनों को नियमन (रेगुलेशन) किया जाएगा।

रेल प्रशासन के अनुसार ब्लॉक अवधि में 01026 बलिया-दादर स्पेशल तथा 01028 गोरखपुर-दादर स्पेशल को खडावली स्टेशन पर 02:20 बजे से 03:30 बजे तक नियंत्रित किया जाएगा। वहीं 22104 अयोध्या कैंट-एलटीटी एक्सप्रेस, 15181 मऊ जंक्शन-एलटीटी एक्सप्रेस और 12102 शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस को वसिंद स्टेशन पर 02:30 बजे से 03:30 बजे तक रोका जाएगा।

इसके अलावा 18030 शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस को असनगांव स्टेशन पर 02:40 बजे से 03:25 बजे तक तथा 12810 हावड़ा-सीएसएमटी एक्सप्रेस को अटगांव स्टेशन पर 02:40 बजे से 03:25 बजे तक नियंत्रित किया जाएगा। 12132 साईनगर शिर्डी-दादर एक्सप्रेस और 11032 अलीपुरद्वार-पनवेल अमृत भारत एक्सप्रेस को खारदी स्टेशन पर 02:40 बजे से 03:20 बजे तक रोका जाएगा। वहीं 20104 भटनी जंक्शन-पनवेल एक्सप्रेस को कसारा स्टेशन पर 02:45 बजे से 03:15 बजे तक नियंत्रित किया जाएगा।

रेलवे ने यह भी बताया कि 11002 बल्लारशाह-सीएसएमटी एक्सप्रेस तथा 11203 नागपुर-मडगांव एक्सप्रेस ब्लॉक अवधि में 10 से 15 मिनट तक विलंबित हो सकती हैं। इसके अलावा अन्य देर से चल रही मेल/एक्सप्रेस या यदि कोई हॉलिडे स्पेशल ट्रेन होगी तो उसे भी परिचालन आवश्यकतानुसार नियंत्रित किया जा सकता है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि इस कार्य के दौरान होने वाली असुविधा के लिए सहयोग करें। रेलवे ने बताया कि यह कार्य भविष्य में रेल यातायात को और अधिक सुरक्षित एवं सुचारू बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

डॉ. स्वप्नील निला मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, मध्य रेल