लेखपाल परीक्षा-2026 के लिए प्रयागराज मंडल की विशेष तैयारी, जरूरत पर चलेंगी एग्जाम स्पेशल ट्रेनें

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 21 मई 2026 को आयोजित होने वाली लेखपाल परीक्षा-2026 के दौरान परीक्षार्थियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने व्यापक और विशेष व्यवस्थाएं की हैं। रेलवे प्रशासन ने परीक्षार्थियों एवं यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यकता पड़ने पर एग्जाम स्पेशल ट्रेनों के संचालन की भी तैयारी कर ली है।

प्रयागराज मंडल द्वारा परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल एवं अलीगढ़ जंक्शन स्टेशनों पर अतिरिक्त रेक उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा सके। इसके साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण, टिकट व्यवस्था, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर विशेष कार्ययोजना लागू की गई है।

रेलवे प्रशासन ने प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ जंक्शन, टूंडला सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। स्टेशन परिसरों में गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी।

स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा हेतु टिकट काउंटरों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती, पूछताछ काउंटरों की व्यवस्था, उद्घोषणा प्रणाली को सक्रिय रखने, हेल्प डेस्क संचालन तथा आरपीएफ एवं जीआरपी की अतिरिक्त तैनाती सुनिश्चित की गई है। प्लेटफार्मों पर परीक्षार्थियों को सही दिशा-निर्देशन एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कर्मचारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं।

प्रयागराज मंडल ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से स्टेशन पहुंचे, वैध टिकट लेकर यात्रा करें और रेलवे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। रेलवे का प्रयास है कि सभी परीक्षार्थियों को समयबद्ध, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

अमित कुमार सिंह जनसम्पर्क अधिकारी, प्रयागराज मंडल