पाली मारवाड़ स्टेशन का डीआरएम ने किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे, जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने मंगलवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पाली मारवाड़ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने पेयजल व्यवस्था, प्रतीक्षालय, स्वच्छता, पार्किंग, सर्कुलेटिंग एरिया तथा अन्य यात्री सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है।इस अवसर पर अनुराग त्रिपाठी ने पाली मारवाड़ से जोधपुर तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने रेल संरक्षा, ट्रैक स्थिति एवं विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे सुरक्षा कार्यों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर ललित कुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (दूरसंचार) अनुपम तथा वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (विद्युत) महेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।