विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026: जोधपुर मंडल में पर्यावरण संरक्षण पर कार्यशालाएं आयोजित

विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026: जोधपुर मंडल में पर्यावरण संरक्षण पर कार्यशालाएं आयोजित

सिंगल यूज़ प्लास्टिक से बचाव, ऊर्जा व जल संरक्षण को लेकर किया गया जागरूक

जोधपुर। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के अंतर्गत उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर रेल मंडल द्वारा 15 मई से 5 जून 2026 तक त्रिसाप्ताहिक विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में सोमवार को जोधपुर मंडल के विभिन्न स्थानों पर पर्यावरण संरक्षण विषयक कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। इन कार्यशालाओं में कर्मचारियों एवं यात्रियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभाव, ऊर्जा संरक्षण तथा जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि जोधपुर स्थित डीटीटीसी सेंटर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लोको पायलट एवं तकनीकी कर्मचारियों के लिए आयोजित कार्यशाला में उन्हें स्टील की पानी की बोतल साथ रखने तथा उसे बार-बार भरकर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही दैनिक जीवन में प्लास्टिक का उपयोग कम करने का संदेश दिया गया।इसी क्रम में मेड़ता रोड स्थित डेमू शेड में आयोजित कार्यशाला में अभियंताओं द्वारा कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने, प्लास्टिक के उपयोग से बचने तथा ऊर्जा एवं जल संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई।इसके अलावा मंडल के बाड़मेर डिपो एवं जोधपुर डिपो में भी इसी प्रकार की कार्यशालाएं आयोजित की गईं, जिनमें कर्मचारियों को पर्यावरण अनुकूल व्यवहार अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।रेलवे स्टेशनों पर भी पोस्टर एवं पम्पलेट के माध्यम से यात्रियों को यात्रा के दौरान अपनी पानी की बोतल साथ रखने और उसे बार-बार भरकर उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया, जिससे प्लास्टिक कचरे में कमी लाई जा सके।रेल प्रशासन ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत मंडल के विभिन्न स्टेशनों, कार्यालयों एवं रेलवे कॉलोनियों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।